आराकोट में स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में भीषण आग, सेवानिवृत्त एएनएम की मौत

  • आराकोट में स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में भीषण आग, सेवानिवृत्त एएनएम की मौत

नीरज उत्तराखंडी/आराकोट/बंगाण, उत्तरकाशी

पुरोला विधानसभा क्षेत्र के आराकोट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में सोमवार देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से भवन में रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की मौत होने की खबर सामने आई है।

बताया गया कि आग इतनी विकराल थी कि स्थानीय फायर ब्रिगेड के साथ हिमाचल प्रदेश से पहुंची दमकल टीम को भी आग बुझाने के लिए मोर्चा संभालना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।

देर रात हुए इस हादसे से आराकोट और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा नेता मनमोहन सिंह चौहान ने जैन माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

घटना के कारणों और आग से हुए नुकसान का फिलहाल विस्तृत विवरण सामने नहीं आया है। मामले की जांच के बाद आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *