केदारनाथ उपचुनाव: भाजपा ने आशा नौटियाल तो कांग्रेस में मनोज रावत पर लगाया दांव

केदारनाथ उपचुनाव: भाजपा ने आशा नौटियाल तो कांग्रेस में मनोज रावत पर लगाया दांव

देहरादून/लोकसंस्कृति

उत्तराखंड की केदारनाथ सीट पर भी उपचुनाव हो रहे हैं। अगले महीने 20 नवंबर को होने वाले इस सीट पर चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई मानी जा रही है।

रविवार दोपहर पहले कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार मनोज रावत को उम्मीदवार घोषित किया उसके कुछ देर बाद ही भाजपा ने भी केदारनाथ उपचुनाव के लिए भाजपा ने आशा नौटियाल को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रदेश संगठन को पत्र भेजकर इसका एलान किया है। केंद्रीय नेतृत्व में चौथी बार विधानसभा चुनाव में आशा नौटियाल को प्रत्याशी चुना है।

बाबा केदार की नगरी में अगले 20 दिनों तक रहेगी सियासी हलचल

बाबा केदार की नगरी में अब अगले 20 दिनों तक सियासी हलचल देखने को मिलेगी। आज नॉमिनेशन का महत्वपूर्ण दिन है। भाजपा, कांग्रेस में तमाम पार्टी के प्रत्याशी और निर्दलीय नामांकन दाखिल कर रहे हैं। मंगलवार 29 अक्टूबर को पर्चा दाखिल करने की अंतिम तारीख है।

आज केदार नगरी में भाजपा कांग्रेस के तमाम बड़े लीडर अपने-अपने प्रत्याशी के नॉमिनेशन के दौरान मौजूद रहेंगे।

1996 में पहली बार ऊखीमठ वार्ड से निर्विरोध जिला पंचायत सदस्य चुनी गईं आशा नौटियाल

उत्तराखंड राज्य बनने के बाद वर्ष 2002 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में वह केदारनाथ विस की पहली विधायक चुनी गईं, तब वह भाजपा से प्रत्याशी थीं। वर्ष 2007 में भी उन्हें क्षेत्रीय जनता ने अपना विधायक चुना था। इसके बाद दो बार चुनाव में उन्हें पराजय मिली। ऊखीमठ विकासखंड के दिलमी गांव निवासी आशा नौटियाल एक सामान्य परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पति रमेश नौटियाल पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं। वह वर्ष 1996 में पहली बार ऊखीमठ वार्ड से निर्विरोध जिला पंचायत सदस्य चुनी गईं। फिलहाल वह भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं।

आशा नौटियाल 1990 से भाजपा से जुड़ी हुई हैं और विभिन्न पदों पर रही हैं। भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल सोमवार को दोपहर 12 बजे नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के अनुसार नामांकन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यत कुमार गौतम व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक व तीरथ सिंह रावत, रुद्रप्रयाग जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा उपस्थित रहेंगे। नामांकन के बाद दोपहर साढ़े 12 बजे जीआइसी ऊखीमठ के मैदान में जनसभा भी होगी।

मनोज रावत तीसरी बार कांग्रेस के टिकट पर केदारनाथ से लड़ रहे हैं चुनाव

उधर कांग्रेस ने भी केदारनाथ सीट से मनोज रावत को प्रत्याशी घोषित किया है। मनोज रावत तीसरी बार कांग्रेस के टिकट पर केदारनाथ से चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी और कांग्रेस द्वारा प्रत्याशियों का ऐलान करने के बाद केदारनाथ उपचुनाव की स्थिति साफ हो गई है। आज दोनों ही पार्टी के प्रत्याशी नामांकन करेंगे। मनोज रावत 12:30 बजे उखीमठ तहसील में नॉमिनेशन करेंगे। इस दौरान बड़ा रोड शो भी किया जाएगा।

रविवार को दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व ने सभी समीकरणों पर विमर्श के साथ ही प्रांतीय नेतृत्व से बातचीत के बाद केदारनाथ सीट से पूर्व विधायक आशा नौटियाल को प्रत्याशी बनाने पर मुहर लगाई। यद्यपि, दिवंगत विधायक शैलारानी रावत की पुत्री ऐश्वर्य रावत के अलावा वर्ष 2017 व 2022 में निर्दलीय चुनाव लड़ चुके कुलदीप सिंह रावत भी दौड़ में थे, लेकिन पार्टी ने पूर्व विधायक आशा नौटियाल के लंबे राजनीतिक अनुभव, क्षेत्र में मजबूत पकड़ के अलावा चार बार कराए सर्वे रिपोर्ट को देखते हुए उन पर भरोसा जताया। केदारनाथ सीट भाजपा विधायक शैलारानी रावत के निधन से रिक्त हुई है।

जुलाई माह में हुए दो विधानसभा सीटों मंगलौर और बदरीनाथ के उपचुनाव में जीत का सेहरा बंधने से कांग्रेस का मनोबल बढ़ा हुआ है। लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार हार के बावजूद उपचुनाव में मिली सफलता पार्टी की उम्मीदें आगे भी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।