उत्तरकाशी: सुरंग (Tunnel) में फंसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकालना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

उत्तरकाशी: सुरंग (Tunnel) में फंसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकालना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

उत्तरकाशी/लोक संस्कृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सिलक्यारा, उत्तरकाशी में सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन के संबंध में अस्थाई मीडिया सेंटर, सिलक्यारा में प्रेस ब्रीफिंग की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सरकार पूरी शिद्दत के साथ रेस्क्यू कार्य में जुटी है। पाइप में फंसी ऑगर मशीन को जल्द ही काट के निकाल लिया जाएगा। जिसके लिए हैदराबाद से प्लाज्मा कटर भी मंगाया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने स्वयं कम्युनिकेशन सिस्टम के माध्यम से अंदर फंसे लोगों से बात की है। अंदर फंसे सभी श्रमिक स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा समन्वय बनाते हुए सभी संभव विकल्पों पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियां हर संभव प्रयास कर रहे हैं। दुनियाभर के विशेषज्ञों का इसमें तकनीकी सहयोग लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा रेस्क्यू कार्य में किसी भी तरह की अड़चन न आये, इसके लिए पहले से ही सेना के अलावा देश और विदेश की विशेषज्ञ तकनीकी एजेसियों की मदद ली गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रेस्क्यू कार्य में तकनीकी और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा सरकार की प्राथमिकता सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकालना है। यह कार्य काफी चुनौतीपूर्ण है, बावजूद सभी केंद्रीय और राज्य की एजेंसियां दिन रात काम कर रही है।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मुख्य सचिव एसएस संधू, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (भारत सरकार) के सचिव अनुराग जैन, मौजूद रहे।

……

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सिलक्यारा, उत्तरकाशी में सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का जायज़ा लिया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने टनल में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने ऑगर मशीन की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पाइप में फंसी ऑगर मशीन को अतिशीघ्र निकाला जाए। ऑगर मशीन को निकालने हेतु जो मशीन या टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हो, उसे अति शीघ्र मंगवाया जाए।

मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे श्रमिकों को भेजे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच भी की। उन्होंने श्रमिकों को भोजन भेजने की विधि को भी जाना। उन्होंने कहा श्रमिकों की हर मांग को प्राथमिकता से लिया जाए। एवं जो सामग्री संभव हो उन्हें भेजा जाए।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने टनल में एसडीआरएफ द्वारा स्थापित ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप के माध्यम से अंदर फंसे श्रमिकों में से गब्बर सिंह, सबाह अहमद, अखिलेश से बात कर सभी मजदूरों के बारे में जानकारी ली, साथ ही उनका हौसला आफजाई किया। मुख्यमंत्री ने वार्ता के दौरान कहा कि देश एवं दुनिया के विशेषज्ञ मदद हेतु दिन रात काम में जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं एवं प्रत्येक दिन स्वयं जानकारी जुटा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अंदर फंसे श्रमिकों से कहा कि कोई भी दिक्कत होने पर अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने कहा आप सभी को जल्द ही बहार निकाल लिया जाएगा। पूरा देश आपके साथ खड़ा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सभी श्रमिकों को शीघ्र और सुरक्षित बाहर निकाला जाए।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं अभियान में जुटे लोगों के उत्साह में कमी न आने देने की बात कही। उन्होंने कहा जो भी तकनीक एवं संसाधन मौजूद हैं उनका इस्तेमाल कर रेस्क्यू ऑपरेशन में और अधिक तेजी लाई जाए। और जरूरत हो तो अतिरिक्त  संसाधानों को भी बाहर से तत्काल मंगाया जाए। राज्य सरकार की ओर हर संभव सहयोग दिया जाएगा। हम सभी मिलकर अति शीघ्र राहत एवं बचाव कार्य को पूर्ण करेंगे।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार एवं उत्तराखंड सरकार के विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस संधु, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय( भारत सरकार) के सचिव अनुराग जैन, एमडी एनएचआईडीसीएल महमूद अहमद, कमिश्नर गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, , रेस्क्यू आभियान के समन्वयक सचिव डॉ. नीरज खैरवाल, पीएमओ उप सचिव मंगेश घिल्डियाल, विधायक संजय डोभाल, विधायक सुरेश चौहान, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला एवं अन्य लोग मौजूद रहे।