धामी कैबिनेट बैठक में इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी
देहरादून/लोक संस्कृति
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज सचिवालय में आयोजित हुई कैबिनेट बैठक में 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक से पूर्व उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी एवं प्रसिद्ध निशानेबाज, पद्मश्री जसपाल राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया गया।
मेजर जनरल खंडूड़ी ने अपने संपूर्ण जीवन को राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित किया। वहीं जसपाल राणा ने अपनी असाधारण खेल प्रतिभा से उत्तराखण्ड और भारत को विश्वभर में गौरवान्वित किया। समाज में दोनों महान विभूतियों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कैबिनेट के फैसले
● उत्तराखंड संस्कृत नियमावली-2026 में संशोधन को मंजूरी दी गई।
● सड़क निर्माण में प्रयुक्त कोलतार की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण संबंधित टेंडरों की अनुबंध अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
● उत्तराखंड को पूर्णतः साक्षर राज्य घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
● आबकारी नियमावली में संशोधन करते हुए वैट एवं सेस पर लगने वाले दोहरे कर (डबल टैक्सेशन) को समाप्त किया गया।
● कृषि विभाग के सेलाकुई स्थित सगंध पौधा केंद्र में परफ्यूम एवं सुगंधित उत्पादों की जांच हेतु प्रयोगशाला स्थापित करने को मंजूरी दी गई।
● पर्यटन विभाग की ओर से हिमालय कार रैली के आयोजन को स्वीकृति दी गई। इस आयोजन में 25 देशों के प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
● उपनल कर्मचारियों के मामले में “समान कार्य के लिए समान वेतन” संबंधी लाभ कट-ऑफ तिथि से बाहर के पात्र कर्मचारियों को भी देने का निर्णय लिया गया।
● कारागार नियमावली में संशोधन कर “अभ्यस्त अपराधी” की परिभाषा निर्धारित की गई। साथ ही सेवा नियमावली में बदलाव करते हुए विभाग में पदों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया।
● राज्य आंदोलनकारियों को मिलने वाले 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को हाल ही में हुई भर्तियों में शामिल करने को मंजूरी दी गई।
● चारधाम यात्रा में उपयोग होने वाले पशुओं के बीमा प्रीमियम की 20 प्रतिशत राशि सरकार वहन करेगी। इस योजना पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
● पशुपालन विभाग के पायलट प्रोजेक्ट के तहत कृत्रिम गर्भाधान योजना को मंजूरी दी गई।

