देहरादून: सर्विकल कैंसर टीकाकरण को स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान

सर्विकल कैंसर टीकाकरण को स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान

देहरादून/लोक संस्कृति

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 मनोज कुमार शर्मा के निर्देश पर प्रतिरक्षण प्रकोष्ठ द्वारा इन दिनों देहरादून के विद्यालयों में सर्विकल कैंसर टीकाकरण हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विद्यालयों में 14 से 15 वर्ष आयु की किशोरियां इस टीकाकरण अभियान की पात्र लाभार्थी हैं।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 दिनेश चौहान के नेतृत्व में टीम द्वारा देहरादून के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड, सेंट एग्नेस इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बन्नू इंटर कॉलेज, नेशविला रोड, राजकीय इंटर कॉलेज, पटेलनगर, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, पटेलनगर, हिन्दू नेशनल इंटर कॉलेज लक्ष्मण चौक एवं डीएवी पब्लिक स्कूल, डिफेंस कॉलोनी में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। सभी विद्यालयों में 900 से अधिक किशोरियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 दिनेश चौहान ने किशोरियों को सर्विकल कैंसर के कारणों, लक्षणों एवं दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भारत सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराये जा रहे एच.पी.वी. टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गयी।

उन्होंने किशोरियों को प्रोत्साहित किया कि वे अपने स्वस्थ भविष्य के लिए आगे आयें और एच.पी.वी. का टीका लगवायें। इस हेतु जिला चिकित्सालय गांधी शताब्दी में स्थापित मॉडल टीकाकरण केन्द्र में प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है।

एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 मनोज कुमार शर्मा ने अभिभावकों एवं शिक्षकों से अपील की है कि किशोरियों के स्वास्थ्य के दृष्टिगत एचपीवी टीकाकरण हेतु उन्हें प्रोत्साहित करें।

उन्होंने कहा है कि इस टीके के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु जिला प्रतिरक्षण कार्यालय तथा निःशुल्क हेल्पलाईन नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है।

Ad