चारधाम यात्रा 2026 : विधि -विधान के साथ खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट

चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत आगाज़, यमुनोत्री-गंगोत्री धाम के कपाट खुले

नीरज उत्तराखंडी/गंगोत्री धाम

अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार को वैदिक मंत्रोच्चराण पूजा अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। गंगोत्री धाम के कपाट 12 बजकर 15 मिनट व यमुनोत्री धाम के कपाट ठीक दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए।

वहीं रविवार को दोनो धामों के कपाट खुलने के बाद चारधाम यात्रा का भी विधिवत शुभारंभ हो गया। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट रविवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चराण व पूजा अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।

वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार को कृतिका नक्षत्र कर्क लग्न व आयुष्मान योग में विधिवत मंत्रोचारण के साथ दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।

मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) से अपने भाई शनिदेव की अगुवाई में कालिंदी पर्वत की तलहटी में स्थित यमुनोत्री धाम के लिए आज शुभ मुहूर्त को रवाना हुई।

खरसाली में ग्रामीणों एवं लोक देवताओं की डोलियों ने यमुना जी की डोली को भावुक कर देने वाले माहौल से विदा किया। यमुनोत्री धाम में हवन,पूजा के बाद वैदिक मंत्रोचार व विधि विधान के साथ 12:35 पर यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।

इधर रविवार सुबह मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री के लिए रवाना हुई। माँ गंगा की उत्सव डोली के गंगोत्री धाम पहुंचने पर तीर्थ पुरोहितों ने विधिवत पूजा अर्चना,गंगा लहरी, गंगा सहस्त्रनाम का पाठ करने के बाद रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये गए।

गंगोत्री धाम कपाट उदघाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी गंगोत्री पहुंचे। जहां उन्होंने मां गंगा की पूजा अर्चना की,और अखंड ज्योति के दर्शन किए। वहीं कपाट खुलने के अवसर पर देश विदेश से आए श्रद्धालुओं ने भी अखंड ज्योति के दर्शन किए ओर गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा आज हमारे लिए अत्यंत शुभ दिन है। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं।

चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों के भीतर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में अलग ही जोश है। हमने सभी यात्रियों की सुविधा के लिए समुचित एवं बेहतर तैयारियां सुनिश्चित की है, ताकि सभी की यात्रा सुखद, सरल और सुरक्षित हो सके। हमारी कामना है कि यह यात्रा सभी के लिए मंगलमय हो और भगवान की कृपा सभी पर बनी रहे।

उन्होंने कहा यात्रा को सुचारू, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखना हम सभी का सामूहिक प्रयास है। इस दिशा में सभी स्टेक होल्डर्स एवं चारधाम यात्रा से जुड़े हितधारकों ने पूरी तैयारी के साथ कार्य किया है। चारधाम यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, डीएम प्रशान्त आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र, दर्जा राज्य मंत्री प्रताप पंवार, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, गढ़वाल कोर्डिनेटर किशोर भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, ब्लाक प्रमुख राजदीप परमार, ममता पंवार, मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मांनंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Ad