- ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन रडू में नए चालदा महासू मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का उल्लास
- शिखा पूजन में पहुंचे शेड़कुड़िया महाराज
रिपोर्ट – नीरज उत्तराखंडी/त्यूणी
जौनसार-बावर क्षेत्र की आस्था और लोक परंपराओं का प्रमुख केंद्र बने रडू गांव में इन दिनों चालदा महासू देवता के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन चल रहा है। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है और दूर-दूर से श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने पहुंच रहे हैं।
मंगलवार को मंदिर के शिखा पूजन कार्यक्रम के लिए शेड़कुड़िया महाराज (खंडासूरी महाराज) रडू गांव पहुंच गए। उनके आगमन के साथ ही गांव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पारंपरिक वाद्य यंत्रों तथा धार्मिक जयकारों के बीच उनका स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार 17 जून को मंदिर के शिखा पूजन का मुख्य कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न होगा।

मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि चारों भाई महासू देवता के डोरिए (देव चिह्न) 14 जून को ही रडू पहुंच चुके थे। इसके बाद से लगातार धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना और पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरे देवघार खत क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
10 वर्षों की मेहनत से बना भव्य मंदिर
रडू गांव के लगभग 50 परिवारों ने सामूहिक सहयोग और श्रद्धा के बल पर चालदा महासू देवता का यह नया मंदिर निर्मित कराया है। मंदिर निर्माण में करीब 10 वर्ष का समय लगा और इस पर लगभग 60 लाख रुपये की लागत आई। ग्रामीणों ने अपने संसाधनों और श्रमदान से इस धार्मिक धरोहर को साकार किया।
मंदिर समिति के अनुसार स्थानीय कर्माचारियों के साथ-साथ चकराता विधायक Pritam Singh का भी मंदिर निर्माण में विशेष सहयोग रहा।
रायगी से जुड़ी है शेड़कुड़िया महाराज की आस्था
खंडासूरी महाराज के नाम से विख्यात शेड़कुड़िया देवता का प्राचीन और पौराणिक मंदिर देवघार खत के Raigi गांव में स्थित है। क्षेत्रीय लोकमान्यताओं में शेड़कुड़िया महाराज का विशेष महत्व माना जाता है और बड़े धार्मिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति शुभ मानी जाती है।
विभिन्न मंदिरों से विराजमान होंगे देव स्वरूप
शिखा पूजन और प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर Mahasu Devta Temple Hanol, बाशिक महासू मंदिर मैद्रथ, पवानी महासू मंदिर ठडियार तथा मूल मंदिर रायगी से शेड़कुड़िया महाराज के देव स्वरूप विधिवत रूप से आयोजन में शामिल होंगे। इससे धार्मिक कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई है।
श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था
चालदा महाराज मंदिर सेवा समिति रडू द्वारा आयोजन में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और भोजन की व्यापक व्यवस्था की गई है। समिति के अध्यक्ष चन्दर सिंह, सचिव अर्जुन सिंह,स्थाणा केदार सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता कल्याण सिंह ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामीण दिन-रात जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर दलीप सिंह, वीरेन्द्र सिंह चौहान, महेंद्र राणा, गोपाल राणा, चन्दन सिंह, सूरत सिंह, रूप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।
धार्मिक परंपराओं, सामूहिक सहभागिता और जनआस्था का यह आयोजन रडू गांव के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। 17 जून को होने वाले शिखा पूजन और आगामी अनुष्ठानों को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सुकता बनी हुई है।

