मौसम ने बदली करवट, देहरादून समेत कई जिलों में हुई बारिश
देहरादून/लोक संस्कृति
भीषण गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम ने देश भर में करवट ली है। मैदानी राज्यों से लेकर पहाड़ तक आंधी बारिश होने से जनजीवन पर असर पड़ा है। भारी बारिश, आंधी में कई लोगों की मौत भी हो गई है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते बे-मौसम की बारिश हो रही है। हालांकि गर्मी से लोगों को राहत में मिली है।
दिल्ली-एनसीआर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश के बाद भारी नुकसान हुआ है। उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में भी बारिश और तेज हवाएं चलीं। तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 1-2 दिनों तक मौसम इसी प्रकार रहेगा।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में बिखरी हुई बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सुबह से ही बारिश हो रही है।
उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख हैं और पहाड़ से मैदान तक बादलों का डेरा है। केदारनाथ धाम की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। जबकि, गंगोत्री, यमुनोत्री व बदरीनाथ धाम में हल्की वर्षा की सूचना है।
हेमकुंड साहिब समेत अन्य चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं, निचले इलाकों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। मैदानी क्षेत्रों में भी दिनभर बादल छाये रहे।
कई क्षेत्रों में हल्की वर्षा व ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। जिससे पर्वतीय क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में पारे में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई। इसके साथ मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी, ओलावृष्टि होने से देर शाम मौसम सुहावना हो गया।
कुमाऊं में पिथौरागढ़ व चंपावत में हल्की वर्षा व ओलावृष्टि हुई। जबकि, अन्य जिलों में बादल मंडराते रहे और रात को वर्षा के आसार बने रहे। हिमाचल की राजधानी शिमला समेत कई स्थानों पर भारी बारिश हो रही है।
आईएमडी के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। एक नया और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 2 मई से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है।
राजधानी दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के बाद कई जगह हुआ जलभराव
सबसे ज्यादा बारिश दिल्ली में देखने को मिली। दिल्ली-एनसीआर, यूपी और छत्तीसगढ़ में गुरुवार रात आंधी-बारिश और बिजली-पेड़ गिरने की घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली-यूपी में 4-4 और छत्तीसगढ़ में 2 लोगों ने जान गंवाई है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया गया है और कुछ समय तक 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसा अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में गरज के साथ बारिश हो सकती है और तापमान गिर सकता है।
राजधानी दिल्ली में गुरुवार रात से ही आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हो रही है। सुबह करीब 5 बजे के आसपास राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में तेज रफ्तार हवाएं चलनी शुरू हो गईं। हवाएं इतनी तेज थीं कि कई इलाकों में पेड़ की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं। राजधानी के कई क्षेत्रों में भारी जल भराव हो गया जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के प्रगति मैदान इलाके में 78 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलीं। इस दौरान कुछ ही देर में बारिश भी होने लगी। बारिश के चलते राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लोगों को गर्मी से राहत मिलती नजर आ रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम ठीक होने तक घर के अंदर रहें, खिड़कियां बंद रखें और यात्रा करने से बचें। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में बिजली, तेज हवाओं और ओलावृष्टि/वर्षा के साथ तेज तूफान की भविष्यवाणी की गई है। मई के पहले सप्ताह के दौरान हिमालयी राज्यों में मौसम ठंडा और सुहावना बना रहेगा। इससे लगातार बढ़ती गर्मी और सूखे से थोड़ी राहत मिलेगी।
Share the post "मौसम ने बदली करवट, देहरादून समेत कई जिलों में हुई बारिश"
