बाजारों में रौनक : धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजारों में चहल-पहल शुरू, इस बार दीपोत्सव छह दिन रहेगा, इस तिथि को मनाया जाएगा रोशनी का पर्व

बाजारों में रौनक : धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजारों में चहल-पहल शुरू, इस बार दीपोत्सव छह दिन रहेगा, इस तिथि को मनाया जाएगा रोशनी का पर्व

देहरादून/लोक संस्कृति

धनतेरस और दीपावली त्योहारों को लेकर बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई है। आज से खरीदारी का शुभ मुहूर्त भी शुरू हो रहा है। इस वर्ष दीपोत्सव छह दिनों का होगा, क्योंकि धनतेरस दो दिन मनाया जाएगा। 18 अक्टूबर को दोपहर से धनतेरस शुरू होकर 19 अक्टूबर तक रहेगा। इस दौरान छोटी दीपावली और बजरंग बली का प्राकट्य उत्सव भी मनाया जाएगा। इस साल दिवाली से पहले ही खरीदारी के शुभ मुहूर्त बन रहे हैं। धनतेरस ही नहीं बल्कि आज और कल भी खरीदारी की जा सकती है।

पंचांग के अनुसार, आज सुबह 11:55 मिनट से पुष्य नक्षत्र लग रहा है, जो कल दोपहर 12 बजे तक रहेगा। ज्योतिष दृष्टि से पुष्य नक्षत्र को नक्षत्रों का राजा माना जाता है। यह 27 नक्षत्रों में से आठवां नक्षत्र है और इसे सबसे शुभ नक्षत्रों में से एक माना जाता है। पुष्य नक्षत्र के देवता गुरु हैं, जो ज्ञान, समृद्धि और शुभता के कारक हैं। वहीं, स्वामी ग्रह शनि हैं। 15 से 20 अक्टूबर तक ग्रह-नक्षत्र हर दिन शुभ योग बना रहे हैं। इन योगों की वजह से अगले 5 दिनों में ज्वेलरी, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, व्हीकल और प्रॉपर्टी खरीदे जा सकते हैं।

शेयर मार्केट, फ्यूचर एक्सचेंज और रियल एस्टेट में निवेश के लिए भी शुभ समय रहेगा। इस साल दीप पर्व 5 नहीं 6 दिनों का रहेगा, क्योंकि कार्तिक अमावस्या 20 और 21 अक्टूबर को दो दिन है। 18 को धनतेरस, 19 को रूप चतुर्दशी, 20 तारीख की रात लक्ष्मी पूजा होगी और 21 को स्नान-दान की कार्तिक अमावस्या रहेगी। 22 तारीख को गोवर्धन पूजा और 23 को भाई दूज मनेगी।

ज्योतिषियों का कहना है कि कार्तिक अमावस्या की रात में लक्ष्मी पूजन का विधान है, 20 अक्टूबर की रात में कार्तिक अमावस्या रहेगी, लेकिन 21 अक्टूबर की शाम को ये तिथि खत्म हो जाएगी। इसलिए 20 तारीख की रात में लक्ष्मी पूजा करना चाहिए। त्योहारों के मौसम की शुरुआत के साथ ही हाल ही में जीएसटी दरों में कटौती के कारण भारतीय बाजारों में उत्साह है, जिससे आवश्यक और इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की कीमतों में कमी आई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत सभी प्रदेशों में दुकानदारों में उत्साह छाया हुआ है। बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ है। लोगों में जीएसटी कटौती के बाद से घरेलू उत्‍पाद के दामों में कमी होने से उत्‍साह है। खरीदारों का कहना है कि बाजार में चहल-पहल है। लोगों में खरीदारी का उत्‍साह देखने को मिल रहा है।

Ad