देशभर में रही होली की धूम
लोक संस्कृति
पूरे देश भर में शुक्रवार को धूमधाम के साथ होली का त्योहार मनाया गया। गांव से लेकर छोटे बड़े सभी शहरों में लोगों ने खूब जमकर होली खेली। देश में आज भी कई स्थानों पर होली मनाई जा रही है। हर कोई होली के रंग में सराबोर है। हालांकि आज कई राज्यों में मौसम खराब है और बारिश भी हो रही है।
शुक्रवार को मुंबई, दिल्ली, मथुरा, अयोध्या, देहरादून, लखनऊ, आगरा, पटना, जयपुर, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद और बेंगलुरु से लेकर आदि शहरों में रंगों का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया।
राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ फिल्मी सितारों और खिलाड़ी भी होली के रंग में रंगे नजर आए। सुबह से ही लोगों ने एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाए। इसके साथ ही एक-दूसरे को बधाई और मिठाइयां देकर इस उत्सव का आनंद लिया। होली के मौके पर घरों में पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाया गया।
अयोध्या में रामलला ने हाथों में धनुष की जगह पिचकारी धारण की। मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुजारियों ने बाबा महाकाल और नंदी को गुलाल लगाया। वहीं ओडिशा के पुरी में सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने राधा-कृष्ण की तस्वीर के साथ होली का सैंड आर्ट बनाया।
वहीं, होली के दिन ही इस्लामी महीने रमजान के दूसरे शुक्रवार की नमाज भी पढ़ी गई। इसको देखते हुए देश के कई राज्यों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम देखने को मिला। इस दौरान कई शहरों में पुलिस ने गश्त और पिकेटिंग बढ़ा दी। 61 साल बाद हिंदू और मुस्लिम धर्म के दो अहम त्योहार साथ थे, लेकिन देशवासियों ने सांप्रदायिक सद्भावना की मिशाल पेश करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से त्योहारों का आनंद लिया।
उत्तर प्रदेश में होली पर किए गए विशेष इंतजाम, संभल समेत कई शहरों में कड़ी की गई सुरक्षा
उत्तर प्रदेश के संभल में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। संभल में 24 नवंबर को मुगलकालीन शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के बाद दंगे भड़कने के बाद से तनाव है। इस कारण यहां पर प्रशासन ने अधिक सतर्कता बरती। कड़ी सुरक्षा के बीच उत्सव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
होली के अवसर पर संभल शहर में पारंपरिक ‘चौपाई का जुलूस’ भी निकाला गया। मस्जिद में दोपहर 2:30 बजे जुमे की नमाज अदा की गई। पुलिस और जिला प्रशासन ने तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की थी। रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की बटालियनों ने शहर में फ्लैग मार्च किया।
पश्चिम बंगाल में भी उमंग देखने को मिला। यहां पर लोगों ने डोलजात्रा धूमधाम से मनाया। इसके साथ लोगों ने यहां पर लोगों ने डोलजात्रा मनाई।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नागरिकों के बीच प्रेम के बंधन को और मजबूत करने की प्रार्थना की। उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा वसंत ऋतु के आगमन का आह्वान करते हुए कहा कि बंगाल में हर व्यक्ति का जीवन शांति, सद्भाव और प्रेम के रंगों से रंगा हो, और बंगाल में लोगों के बीच प्रेम का बंधन और भी मजबूत हो – इस शुभ दिन पर मेरी यही प्रार्थना है वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने डोलजात्रा के अवसर पर लोगों को हार्दिक प्यार, बधाई और शुभकामनाएं दीं।
तमिलनाडु के सलेम शहर में उत्तर भारतीय समुदाय के लोगों ने होली का त्योहार उत्साह और खुशी के साथ मनाया। यह रंगों का त्योहार खास तौर पर उन इलाकों में देखा गया, जहां उत्तर भारतीयों की संख्या ज्यादा है, जैसे नारायण नगर, देवेंथिरापुरम और वीरप्पन नगर।
इस मौके पर लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर होली की मस्ती में डूब गए। होली का त्योहार हर साल की तरह इस बार भी सलेम में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही लोग अपने घरों से बाहर निकले और एक-दूसरे को रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर कर दिया। बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर कोई इस उत्सव में शामिल हुआ। रंगों की बौछार और हंसी-ठिठोली ने पूरे शहर को जीवंत बना दिया। परिवार आपस में मिले, स्वादिष्ट पकवान बनाए गए और होली की खुशी को एक साथ बांटा गया।