उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी के बाद मैदान में शीत लहर की आहट, तापमान में आई गिरावट

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी के बाद मैदान में शीत लहर की आहट, तापमान में आई गिरावट

देहरादून/लोक संस्कृति

हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी के बीच मैदानी इलाकों में शीत लहर की आहट सी दिख रही है। दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नोएडा-गाजियाबाद से लेकर हरियाणा तक बुधवार शाम से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे तापमान में भी गिरावट आई है और न्यूनतम तापमान 18-19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तेज हवाओं की वजह से दिल्ली में वायु प्रदूषण की हालात में भी सुधार हुआ है। आनंद विहार में एक्यूआई 261 पर आ गया है।

मौसम विभाग ने आज दिल्ली पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश का अलर्ट दिया है। उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत हिमालय की वादियों में ताजा बर्फबारी ने ठंडक बढ़ा दी है।

केदारनाथ धाम में हुई जोरदार बर्फबारी से संपूर्ण केदारपुरी बर्फ की चादर में लिपट गई। लगभग आधा फीट तक बर्फ जमने से धाम का तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

वहीं, चमोली जिले में बुधवार शाम को बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते धाम में कड़ाके की ठंड होने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इससे उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों पर बर्फबारी होने के साथ और मैदानी इलाकों में बारिश के आसार हैं। कश्मीर में कई ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। जम्मू-कश्मीर में टूरिस्ट प्लेस गुलमर्ग, सोनमर्ग, गुरेज और कुपवाड़ा के फरकिन टॉप इलाके में बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। जम्मू के पर्यटन स्थल नत्था टॉप में बर्फबारी हुई। यहां टूरिस्ट की भीड़ बढ़ी है।

कारगिल और लेह इलाके में खरदोंगला, शिंकुला और जंगला इलाकों में बर्फबारी हुई है। द्रास की तरफ जोजिला सुरंग इलाके में काफी बर्फबारी हो गई है। उत्तराखंड में आज यानी 6 नंवबर को 3 जिलों में कोहरा दिखा, जिसमें हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून के मैदानी क्षेत्र शामिल है। बाकी जगह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।

उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ-साथ बारिश की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कई दिनों में बर्फबारी के साथ-साथ बारिश भी हो सकती है और मौसम ज्यादा बिगड़ सकता है। वहीं प्रशासन ने ठंड से बचने के लिए जगह-जगह पर अलाव की व्यवस्था की है, जिससे पर्यटक और भक्त दोनों ही बर्फबारी का मजा ले सकें। 7 से लेकर 10 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

बर्फबारी के बीच बद्रीनाथ की यात्रा चल रही है और भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के कपाट 4 मई 2025 को खुले थे, जो नवंबर के महीने में बंद होंगे, जिसके बाद बाबा की पूजा-अर्चना के साथ उनकी विग्रह डोली को पांडुकेश्वर स्थित योग बदरी में विराजमान किया जाएगा।

Ad