लैंसडाउन पहुंचे सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, अपनी कर्मभूमि को किया नमन

लैंसडाउन पहुंचे सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, अपनी कर्मभूमि को किया नमन

लैंसडाउन/लोक संस्कृति

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी आज लैंसडाउन पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी कर्मभूमि को नमन करते हुए लैंसडाउन की पावन धरा की मिट्टी माथे पर लगाई और मातृभूमि और कर्मभूमि के प्रति आभार प्रकट किया।

गौरतलब है कि 13 नवम्बर 1976 को गणेश जोशी ने एक राइफलमैन के रूप में यहीं से भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का संकल्प लिया था। वर्षों बाद पुनः अपनी उसी भूमि पर पहुंचकर उन्होंने भावुक होकर कहा कि यह स्थान उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

लैंसडाउन पहुंचने पर गढ़वाल राइफल रेजीमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर (सेनि) अमृतलाल, पौड़ी के मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत सहित सैन्य अधिकारियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वागत किया।

हिमालय दिवस पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने लैंसडाउन छावनी में किया वृक्षारोपण

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज हिमालय दिवस के अवसर पर लैंसडाउन छावनी क्षेत्र में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर गढ़वाल राइफल्स के जवानों और अग्निवीर रंगरूटों ने भी भागीदारी की।

मंत्री जोशी ने प्रदेशवासियों को हिमालय दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमालय हमारे अस्तित्व, संस्कृति और सभ्यता की धरोहर है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भौगोलिक संरचना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की जीवनरेखा है। उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद से निकलने वाली नदियाँ न केवल भारत बल्कि विश्व की एक बड़ी आबादी को जीवनदायिनी जल उपलब्ध कराती हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाएं और वृक्षारोपण को एक जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हिमालय की सुंदरता, जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है।

Ad