उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी, दिल्ली एनसीआर समेत मैदानी राज्यों में भी बिगड़ा मौसम

उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी, दिल्ली एनसीआर समेत मैदानी राज्यों में भी बिगड़ा मौसम

देहरादून/लोक संस्कृति

उत्तराखंड में आज भी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। तो वहीं पहाड़ियां बर्फ से ढकी हैं ।

राजधानी देहरादून में सुबह से ही बारिश हो रही है। यूपी और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश हुई और हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को यूपी के कई जिलों में तापमान में गिरावट आई। केदारनाथ, बद्रीनाथ,यमुनोत्री, गंगोत्री धाम में भी जमकर बर्फबारी हो रही है। जिससे एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 27 फरवरी को प्रदेश में येलो अलर्ट और 28 को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निर्देशक विक्रम सिंह ने बताया कि 1 मार्च तक प्रदेश भर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। जिससे मौसम में तेजी से बदलाव होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, वही प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होगी। खासकर चमोली उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा जैसे जिलों में 3200 मीटर से ऊपर वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी देखने को मिलेगी। भारी बर्फबारी की वजह से रोड ब्लॉक हो सकती हैं। जिससे आवाजाही में दिक्कत होगी। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

1 मार्च को प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा, जबकि पर्वतीय इलाकों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में 28 फरवरी से 1 मार्च तक हवा का स्तर सामान्य रहेगा। इसके बाद अगले छह दिनों तक यह सामान्य से खराब स्तर के बीच बना रह सकता है।बिहार में अगले कुछ दिनों में तापमान में इजाफा हो सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक बारिश की भी संभावना है। गर्मी भी बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ आंधी-तूफान और भारी वर्षा/बर्फबारी होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटे), गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और आंधी तूफान की संभावना है।