डॉ. अंबेडकर छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त, डीएम के निर्देश पर औचक निरीक्षण

  • डॉ. अंबेडकर छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त, डीएम के निर्देश पर औचक निरीक्षण

नीरज उत्तराखंडी/उत्तरकाशी

डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास में दूषित एवं गुणवत्ताविहीन भोजन परोसे जाने की शिकायत का जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार ने बुधवार को राजकीय छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

#निरीक्षण के दौरान छात्रावास के अधीक्षक एवं अधीक्षिका भी मौजूद रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने भोजन व्यवस्था को बेहतर और छात्र हितैषी बनाने के लिए छात्रावास अधीक्षक को भोजन उपलब्ध कराने वाले निविदादाता (कैटरर) से तत्काल स्पष्टीकरण लेने तथा पूरे मामले की विस्तृत आख्या शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास परिसर, विशेष रूप से रसोईघर (मेस) में प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने और स्वच्छता के सभी मानकों का पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

#भोजन की गुणवत्ता की नियमित और पारदर्शी निगरानी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी ने छात्र-छात्राओं की एक विशेष भोजन निगरानी समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति प्रतिदिन परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट छात्रावास अधीक्षक तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी को उपलब्ध कराएगी।

#जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार ने स्पष्ट कहा कि छात्रावास में रह रहे छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और पोषण के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भोजन की गुणवत्ता या छात्रावास प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और निविदादाता के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।