दिल्ली में हर महीने महिलाओं को मिलेंगे ढाई हजार रुपए, भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने महिला समृद्धि योजना लॉन्च की
लोक संस्कृति
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने सबसे बड़ी घोषणा महिलाओं को ढाई हजार रुपए देने का एलान किया था। भाजपा ने अपने विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैलियों में कहा था कि महिला दिवस पर इसकी शुरुआत की जाएगी।
आज अंतरराष्ट्रीय दिवस पर भाजपा की दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना लॉन्च कर दी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में योजना शुरू करने की घोषणा की। इससे पहले शनिवार सुबह दिल्ली कैबिनेट की बैठक में समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी गई थी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान रहा है।
दिल्ली की महिलाओं के बिना भाजपा की जीत संभव नहीं थी। जब तक महिलाओं के मन में आत्मविश्वास नहीं पैदा होगा, तब तक विकसित भारत संभव नहीं है। नड्डा ने कहा कि आने वाले समय में 33 प्रतिशत महिलाएं लोकसभा की सदस्य बनेगी। जिस देश में नारी का सम्मान नहीं होता, कभी आगे नहीं बढ़ता। योजना लॉन्च करते हुए नड्डा ने कहा- मैं सीएम रेखा गुप्ता और अन्य लोगों को बधाई देता हूं कि दिल्ली में इस योजना को लागू करने के लिए 5100 करोड़ रुपए जारी किए गए है।
वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा- हम आज से पंजीकरण शुरू करेंगे और जल्द ही इस योजना को लागू किया जाएगा। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने का वादा किया था। इससे 20 लाख महिलाओं को फायदा होने का अनुमान है। दिल्ली महिला समृद्धि योजना मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना और महाराष्ट्र में लड़की बहिन योजना सहित अन्य भाजपा शासित राज्यों में किए गए प्रयासों के अनुरूप है। दिल्ली महिला समृद्धि योजना एक नकद योजना है, जिसकी घोषणा भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अपने चुनावी घोषणापत्र में की थी।
इस महिला-केंद्रित योजना में महिला लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के रूप में प्रति माह 2,500 रुपये देने का वादा किया गया है। यह योजना राष्ट्रीय राजधानी के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की महिलाओं के लिए बनाई गई है।
इस योजना की घोषणा के साथ ही इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया भी आज शुरू हो जाएगी।