पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश जारी, बिहार में तीन नदियां उफान पर, हिमाचल-उत्तराखंड में भी अलर्ट

पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश जारी, बिहार में तीन नदियां उफान पर, हिमाचल-उत्तराखंड में भी अलर्ट

लोक संस्कृति

देश के कई इलाकों में इन दिनों मूसलाधार बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने देश के 10 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर भारत के पहाड़ों पर भारी बारिश के साथ बादल फटने का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी हिस्सों से लेकर मैदानी इलाकों तक जमकर बारिश हो रही है। कहीं बाढ़ का सैलाब है तो कहीं भूस्खलन से तबाही मची है। अगस्त के महीने में देश के कई राज्य बाढ़ की चपेट में हैं, जिसकी वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो कभी भारी तो कभी मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

राजस्थान के जैसलमेर, पाली और जोधपुर जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान अत्यधिक भारी बारिश हुई जिससे कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बिहार में मानसून के एक्टिव होने से झमाझम बारिश हो रही है। इसके साथ ही पहाड़ों पर भी भारी बारिश हो रही है, जिससे गंडक, बागमती और कोसी नदी उफान पर हैं। सीतामढ़ी, गया, सुपौल, गोपालगंज के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसके साथ ही कई शहरों में लोग जलजमाव की समस्या से परेशान है।

हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बीती रात से भारी बारिश हो रही है। इसके चलते विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण 200 से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं।

मौसम विभाग ने आज 10 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। वहीं, दिल्ली में 8 अगस्त तक तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बना डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ गया है। पाकिस्तान के मध्य भागों पर अच्छे से बने निम्न दबाव क्षेत्र में कमजोर हो गया है। वहीं, समुद्र तल पर पूर्व-पश्चिम ट्रफ अब मध्य पाकिस्तान के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से होकर आगरा, वाराणसी, गया, जमशेदपुर, कोंटाई और फिर दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी की तरफ जा रही है।